Site iconSite icon AR Live News

अन्नदाता पर शक्ति प्रदर्शन, दागे आंसू गैस के गोले

अपनी मांगों को लेकर हरिद्वार उत्तर प्रदेश से दिल्‍ली के लिए रवाना हुए हजारों किसानों के आंदोलन ने मंगलवार राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी की जयंती पर उस समय हिंसक रूप धारण कर लिया जब उन्होंने पुलिस द्वारा की गई नाकेबंदी को तोड़ने और अपने ट्रैक्टरों से राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की कोशिश की । इसके बाद पुलिस को उन्हें नियंत्रि‍त व तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों और आंसू गैस के गोलों का उपयोग करना पड़ा ।

एक प्रदर्शनकारी किसान ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई में कई लोग घायल हो गए जिनमें एक प्रदर्शनकारी बेहोश हो गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिसकर्मियों ने ‘लाठीचार्ज’ भी किया।

ऋण माफी, डीजल व बिजली दरों में कटौती, स्‍वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने और अन्‍य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन की अगुआई में ‘किसान क्रांति यात्रा’ के बैनर तले किसानों ने 23 सितंबर 2018 को हरिद्वार से पदयात्रा शुरू की थी । वे दिल्‍ली में किसान घाट जाना चाहते थे, लेकिन उन्‍हें गाजियाबाद सीमा पर ही रोक दिया गया, जिससे वे उग्र हो गए ।

आंदोलन में शामिल अधिकांश किसान पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वी यूपी में बस्‍ती, गोंडा, गोरखपुर के बताए जा रहे हैं ।

Exit mobile version