यह ठेकेदार से ली गयी राशि बताई जा रही है।
अजमेर एसीबी टीम ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता महेंद्र कुमार गुप्ता से सवा पांच लाख रुपये और एक ब्रांडेड मोबाइल जब्त किया है। अधिकारी यह राशि ठेकेदार से लेकर आ रहा था।
एसीबी अधिकारी कैलाशचंद्र बिश्नोई ने बताया कि एसीबी टीम ने सूचना पर महेंद्र गुप्ता की कार का पीछा किया और जयपुर रोड़ पर रूकवाकर कार की तलाशी ली। कार में रखी अटैची से पांच लिफाफों से 5 लाख 25 हजार रूपए और एक मोबाइल जब्त किया है। महेंद्र यह राशि लेकर अपने जयपुर स्थित निवास पर जा रहे थे। एसीबी महेंद्र गुप्ता और उनके ड्राइवर से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल एसीबी टीम महेन्द्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार तो नहीं करेगी, लेकिन इस राशि के सम्बंध में जांच शुरू कर दी है। एसीबी यूनिट गुप्ता के संबंध में एसीबी मुख्यालय शिकायत भेजकर एफआईआर दर्ज करवाएगी। इसके बाद ही महेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया जा सकेगा।
