मध्य कोलकाता में रविवार सुबह बागड़ी बाजार में भीषण आग लग गई, कुछ ही देर में आसमान में काला धुंआ छा गया । लेकिन इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर फिलहाल नहीं है । आग सुबह करीब 2.45 पर लगी, जिसे बुझाने के लिए दमकल की लगभग 30 गाड़ियां मौके पर पहुंच गर्इ । स्थानीय लोग भी आग बुझाने में लगातार जुटे रहे ।
मौके पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि हम अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं ।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, दुर्घटना में किसी के हताहत होने या फंसे रहने की कोई खबर नहीं है।
घटनास्थल पर पहुंचे मेयर सोवन चटर्जी ने कहा कि कोलकाता के जिस इलाके में लगी है वह काफी ज्यादा घना है । अधिक संख्या में बिल्डिंग्स होने और सड़क बहुत संकरी होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा । आग अलग-अलग मंजिलों पर फैल गई और साथ ही काफी दुकानें आग में खाक हो गर्इ हैं ।
वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी उद्योग नगर में एक फैक्ट्री में आग लग गर्इ । यहां भी आग ने काफी भयानक रूप ले लिया । सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकमल कर्मियों ने काफी जद्दोजहद के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया । वहीं प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को भी खाली करा दिया । किसी के हताहत होने की खबर नहीं है ।
हांलाकि दोनों ही शहरों में आग लगने की वजह स्पष्ट नही हुयी है, परन्तु आग बुझने के बाद आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी ।
