झुंझुनू के मंडेला थाने का एएसआई दारा सिंह गुरुवार को 5000 रुपये रिश्वत लेता पकड़ा गया। एएसआई यह राशि परिवादी से किसी मुकदमें में जब्त गाड़ी जल्द छुड़वाने की एवज में ले रहा था। वहीं सीकर एसीबी ने आबकारी कांस्टेबल भेभा राम को 1500 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
सीकर एसीबी अधिकारियों ने बताया कि रिश्वत लेते एएसआई दारा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गत दिनों परिवादी रघुवीर सिंह ने एसीबी में एएसआई के रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। बताया था कि थाने में दर्ज प्रकरण में उसकी गाड़ी जब्त है और गाड़ी जल्द छोड़ने की प्रक्रिया करने के लिए एएसआई रिश्वत मांग रहा है। नहीं देने पर गाड़ी नहीं छुड़वाने की धमकी दे रहा है। एएसआई ने इसके लिए 5 हजार रुपये मांगे थे। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया और इसके बाद गुरुवार को उसे रिश्वत लेते रंगे हांथो पकड़ लिया।
दारू की बोतल कम दिखाने के ले रहा था पैसे
एसीबी ने बताया कि कांस्टेबल ने राम रतन खगड़िया के होटल पर कार्रवाई की थी। वहां शराब की बोतल कम बताने की एवज में रिश्वत मांग रहा था। रुपये नहीं देने पर ज्यादा बोतल दिखाकर मुकदमा बनाने की धमकी दे रहा था। एसीबी टीम ने प्रार्थी राम रतन की शिकायत का सत्यापन किया और उसे गुरुवार को 1500 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर किया।
