राजस्थान के दौसा जिले के सराय गांव में शनिवार सुबह सात बजे स्कूल बस पलटने से 28 बच्चे घायल हो गए । यह बच्चे कृष्णा पब्लिक स्कूल के थे। यह घटना बस चालक द्वारा बाइक सवार से होने वाली टक्कर को बचाने पर अचानक बस मोड़ देने की वजह से हुई ।
बस में सवार बच्चों की उम्र लगभग 5 से लेकर 15 साल तक की थी , घटना के दौरान बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे ।
बांदीकुई पुलिस थाने के सब-इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने बमुश्किल बच्चों को बचाया और घायलों को तुरंत दौसा अस्पताल पहुंचाया । एक छात्र को गंभीर चोट आई है जबकि कम से कम 8 अन्य को बड़ी चोटे आई हैं लेकिन सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है । बाकी सभी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है ।
राम सिंह ने यह भी कहा कि चालक सुशील गुर्जर मौके से फरार हो गया है । अभिभावकों ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
