Site iconSite icon AR Live News

कॉमर्शियल टैक्स विभाग का सहायक आयुक्त 15000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सहायक आयुक्त यह राशि व्यापारी से पेनल्टी कम करने व टैक्स कम दिखाने की एवज में ले रहा था
 झालावाड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शुक्रवार को कॉमर्शियल टैक्स विभाग के सहायक आयुक्त कपिल डी. असासरा  को 15000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। रिश्वत की यह राशि वह व्यापारी से पेनल्टी कम करने व टैक्स कम दिखाने की एवज में ले रहा था।
ब्यूरो की कोटा एएसपी प्रेरणा शेखावत ने बताया कि झालावाड़ शहर के पेंट व्यापारी सौरभ अग्रवाल ने इस संबंध में एसीबी को परिवाद दिया था. परिवाद में उसने बताया कि झालावाड़ के वाणिज्यकर विभाग के सहायक आयुक्त कपिल डी असासरा ने पिछले साल उनकी दुकान का भौतिक सत्यापन किया था। उसमें स्टॉक और रिकॉर्ड में कुछ कमियां पाई गई थी। इसी में पेनल्टी कम करने और टैक्स कम दिखाने की एवज में सहायक वाणिज्यकर आयुक्त ने उससे पिछले वर्ष ही एक लाख रुपए रिश्वत के ले लिए थे। अब बाकी की बची रकम के लिए बार-बार परेशान कर रहा है। आरोपी अधिकारी व्यापारी पर 25000 रुपए और देने का दबाव बना रहा था। इसी के चलते परेशान होकर व्यापारी ने मामले की शिकायत दी.
एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन करवाकर गुरुवार को आरोपी सहायक वाणिज्यकर आयुक्त कपिल डी. असासरा को उसके दफ्तर में व्यापारी से रिश्वत के 15000 रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल एसीबी टीम आरोपी सहायक वाणिज्यकर आयुक्त से पूछताछ कर रही है। उसके अजमेर स्थित निवास पर भी एसीबी की टीम ने तलाशी ली है।
Exit mobile version