नई दिल्ली,(ARLive news)। कोरोना महामारी के महासंकट के बीच लगभग तीन महीने बाद देश से इंटरनेशनल फ्लाइट्स को शुरू करने का निर्णय लिया गया है। भारत ने फ्रांस और अमेरिका के साथ इसे लेकर द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत शुक्रवार से भारत और अमेरिका के बीच वहीं 18 जुलाई से भारत और फ्रांस के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो जाएंगी। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यह जानकारी दी।
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि भारत द्वारा यूएस और फ्रांस के साथ किए गए समझौते के अनुसार 18 जुलाई से लेकर 1 अगस्त तक एयर फ्रांस द्वारा पेरिस से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के लिए 28 फ्लाइट लेगी। वहीं अमेरिकी एविएशन सर्विस यूनाइटेड एयरलाइंस 17 जुलाई से 31 जुलाई तक भारत और अमेरिका के बीच 18 उड़ानें ऑपरेट करेगी। देश में 60 फीसदी तक घरेलू उड़ाने दीपावली तक सामान्य हो जाएंगी। इसके अलावा कई इंटरनेशनल रुट्स पर भी फ्लाइट्स शुरू होंगी।
जर्मनी और ब्रिटेन के साथ भी उड़ाने शुरू की जाएंगी
सिविल एविएशन मिनिस्टर पुरी ने कहा कि भारत ने अमेरिका, फ्रांस के साथ समझौता किया है। इसके अलावा जर्मनी और ब्रिटेन के साथ भी उड़ाने शुरू की जाएंगी। समझौते के अंतर्गत भारत से Air India के प्लेन फ्रांस और यूएस के लिए उड़ान भरेंगे।
दुनियाभर में इस वक्त कोरोना महामारी ने कहर बरपा रखा है। अमेरिका सहित अन्य विकसित देशों में भी हालात काफी मुश्किल बने हुए हैं। इस बीच सभी देशों ने एक दूसरे के यहां इंटरनेशनल फ्लाइट्स के आने जाने पर रोक लगा दी थी। अब धीरे-धीरे इस प्रतिबंध को हटाने की शुरुआत हो रही है। इसी कड़ी में भारत ने सबसे पहले अमेरिका और फ्रांस से इंटरनेशनल फ्लाइट्स को लेकर समझौता किया है। सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी उम्मीद कर रहे हैं कि अगले कुछ महीनों में कई देशों के साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ाने शुरू हो जाएंगी।